Saturday, December 10, 2016

जब इनका अपहरण हुआ था..
विनोद शंकर शुक्ल जी को एक विनम्र श्रद्धांजली 
जब  कलआदरणीय गुरुदेव प्रभाकर चौबे जी से सांयकाल दूरभाष पर विनोद शंकर जी के निधन का समाचार मिला तो मन व्यथा से भरना तो स्वाभाविक ही था, एक ऐसी स्मृति मष्तिष्क में बार बार आने लगी , जो न केवल इस महान साहित्यकार के साथ मेरी पहली मुलाक़ात बनी वरन उस पूरे घटनाक्रम ने जो विनोद जी की एक सहज, सीधे व्यक्तित्व की जो छवि मेरे मन में गढ़ी, उसने मुझे स्वयं के अन्दर भी उसने अनेक बार सहज होने के लिए प्रेरणा प्रदान की | बात शायद वर्ष 1990 की है|  अपनी उस समय तक की 19 वर्ष की नौकरी और ट्रेड युनियन जीवन में मैंने कभी किसी भी ट्रेड युनियन को किसी साहित्यकार की वर्षगाँठ अथवा ऐसा ही कोई आयोजन करते नहीं देखा था| हमारे अखिल भारतीय संगठन से आव्हान आया कि प्रेमचंद के जन्म दिवस पर कार्यक्रम आयोजित करना है| कर्मचारियों के मध्य कहानी प्रतियोगिता, स्कूली बच्चों के लिए कहानी प्रतियोगिता रखी गईं| स्टेशन के पास की सत्यनारायण धर्मशाला में शनिवार दोपहर 2 बजे से प्रेमचन्द पर व्याख्यान रखा गया| मुख्य अतिथि ट्रेन से बिलासपुर से आने वाले थे| ट्रेन को 1.30 बजे आना था| ट्रेन आधा घंटा देरी से 2 बजे आई और उस पर से कहर यह टूटा कि उसमें मुख्य अतिथि नहीं आये| हमारे पास रायपुर से कोई भी अन्य वक्ता नहीं था| पूरा नेतृत्व स्तब्ध था| रायपुर में प्रेमचन्द पर अन्य किसी हस्ताक्षर को हम जानते भी नहीं थे| उसी साथी ने जिसने, मुख्य अतिथि को बिलासपुर से लाने की जिम्मेदारी ली थी, हमें सुझाव दिया कि हम विनोद जी को लाने का प्रयास करें| मैं एक अन्य साथी के साथ जो उनका निवास जानता था, उनके घर एक अधिकारी से कार का इंतजाम कर दौड़ा| वहां पता चला कि वे एक गोष्ठी में कंकाली पारा में गए हुए हैं| मैंने, इसके पूर्व कभी विनोद जी को देखा नहीं था और चूंकि मेरी शिक्षा जबलपुर में हुई थी, उन्हें चेहरे से पहचानता भी नहीं था| किसी तरह, हम उस घर में पहुंचे, दरवाजे को ठेलकर मैं कमरे में घुसा| इत्तिफाक से सभी पहले कमरे में ही दरी पर आसन जमाये बैठे थे और मैं उनमें से ट्रेड युनियन की वजह से सिर्फ आदरणीय चौबे जी को जानता था| मैंने करबद्ध होकर पूछा कि श्री विनोद शंकर शुक्ल कौन हैं| वे बोले मैं हूँ, मैंने उन्हें बमुश्किल 30 सेकेण्ड में बताया होगा कि हमारा प्रेमचन्द पर व्याख्यान मुख्य अतिथि व वक्ता के अप्रत्याशित रूप से नहीं आने के कारण रुका पड़ा है और लगभग 200 लोग इंतज़ार में बैठे हैं, आप तुरंत चलिए| वे अचकचा कर बोले आप कौन हैं और किसने कार्यक्रम आयोजित किया है, मुझे कुछ भी तो पता नहीं| मैंने कहा, आप चलिए, मैं रास्ते में सब बता दूंगा और उनको लगभग जबरदस्ती हाथ पकड़कर उठाने लगा, उन्हें असमंजस में देखकर आदरणीय चौबे जी ने कहा चले जाईये..बीमा कर्मचारी हैं..| मैं उन्हें लगभग धक्का सा देते हुए बाहर लाया और उनसे पूछा कि आपकी पादुकाएं कहाँ हैं, उन्होंने एक तरफ इशारा किया, मैं उन्हें उठाकर उन्हें देने वाला ही था तो वे बोले अब तो मैं चल ही रहा हूँ | राह में उन्हें मैंने पूरी बात बताई और अपना परिचय भी दिया| जब हम सभा में पहुंचे तो सभा शुरु करने के अपने समय से लगभग दो घंटे देरी से थे, वहां विनोद जी ने अपने व्याख्यान की शुरुआत में पहला वाक्य यही कहा था आपका सहसचिव मुझे यहाँ अपहरण करके लाया है, पर उसका यह अपराध क्षम्य है क्योंकि उसने यह साहित्य और प्रेमचन्द के लिए किया है| उसके बाद, हमें पता चला कि रायपुर नहीं, प्रदेश नहीं, देश में विनोद जी प्रेमचन्द पर एक माने हुए सशक्त हस्ताक्षर हैं| उसके बाद तो वे हमारे यहाँ हुई प्रतियोगिताओं के निर्णायक भी बने ..और मेरे सेवानिवृत होने के बाद उनके साथ मैंने विभिन्न शालाओं में अनेक बार प्रेमचन्द जयंती पर आयोजित कार्यक्रमों में भागीदारी की, वे कहते थे इतना ज्ञान रखने के बाद आप छुपे कहाँ थे? उनका यह बड़प्पन हमेशा बना रहा|  साहित्य की दालान में मुझे बैठने देने में मदद करने वाले मेरे अनेक शुभाकांक्षियों में उनका नाम भी प्रमुख है| मेरे काव्य संग्रह 'दो तीन पांच' के विमोचन में वे न केवल उपस्थित हुए उन्होंने उस पर अपने विचार भी रखे| दुःख रहेगा, अंतिम समय उनसे भेंट न हो सकी और उनके दर्शन न हो सके..पर क्या उसकी जरुरत है, जब वे जीवित है स्मृति में..उन्हें विनम्र श्रद्धांजली..
अरुण कान्त शुक्ला

10/12/2016

Thursday, December 8, 2016

जयललिता और सम्मानित जीवन सुलभ कराने की राजनीति

तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जयललिता के निधन के बाद विचारकों और विश्लेषण कर्ताओं ने अनेक तरह से उस लोकप्रियता के पीछे छुपे कारणों में झांकने का काम किया है| प्राय: सभी लोगों ने कहा कि पूंजी परस्त आर्थिक उदारीकरण में जहाँ सब्सिडी खत्म करने की होड़ लगी है, वहीं जयललिता तमिलनाडू के राजस्व का चौथाई से अधिक 27% हिस्सा समाज कल्याण के कार्यो पर सब्सिडी के रूप में खर्च कर रही थी|  यही उसके प्रति जनता का उमड़े प्यार और सम्मान का राज है| लेकिन, प्राय: सभी ने यह भी माना कि जनता को दान और उपकार से बहलाए जाते रहने से बेहतर यह नहीं है क्या कि आवाम को अधिकार दे कर सम्मानित जीवन सुलभ करने की नीति अपनाने की राजनीति हो| यहाँ प्रश्न यह है कि क्या ऐसी राजनीति, जैसी राजनीति में हम रह रहे हैं, कभी आवाम के संपन्न हिस्से को छोड़कर, किसी अन्य तबको को वह अधिकार देगी?    
पूंजीवाद किसी को भी अधिकार देकर सम्मानित जीवन सुलभ करने की नीति अपनाने के सिद्धांत पर नहीं चलता| यहाँ एक वर्ग को हमेशा ,गुणगान करने और सत्ता में चुने जाने के लिए दान-भिक्षा पर रखा जाता है| इस काम को भी पूंजीवाद में सरकारें ईमानदारी और भरोसे के साथ नहीं करतीं | जयललिता ने तमिलनाडु में इसे किया और लोकप्रिय हुई| कांग्रेस ने यूपीए प्रथम के कार्यकाल को में इसे किया और 2009 में वापस आई| वामपंथ ने बंगाल में तीस साल इसे ईमानदारी से किया और जब पूंजीवाद की बुराई, बेईमानी और भ्रष्टाचार उस पर सवार हुई, वह सत्ता से बाहर हुई|  
पूंजीवाद अलग से अधिकार दे कर सम्मानित जीवन सुलभ कराने की नीति अपनाने के लिए ईजाद कोई नई व्यवस्था नहीं है|  इसका जन्म सामंतवाद की कोख से ही हुआ है| औद्योगिक क्रान्ति ने इसका बीज सामंतवाद के गर्भ में डाला|  इसलिए, परिणाम स्वरूप आये पूंजीवादी बच्चे को अपने औद्योगिक क्रान्ति के स्वरूप को बचाने के लिए स्वयं को सामंतवाद की कुछ परंपराओं को पूंजीवादी उत्पादन से संबंधित सामाजिक और आर्थिक जीवन के कुछ क्षेत्रों से दूर रखना पड़ा है| किन्तु, शासन प्रणाली में जनता के असंतोष को दबाने के अस्त्र के रूप में आये लोकतंत्र सहित अन्य सारे पुर्जे सामंतवाद के ढाँचे के ही हैं और जनता को सामंतवादी ढाँचे के अन्दर बांधे रखना ही उसके लिए हितकर है|  इसीलिये आवाम को भी अधिकार की जगह राहत, रोजगार की जगह रोजगार भत्ता , सस्ती और सुलभ शिक्षा की जगह लेपटाप, घर से दो मील के अन्दर की दूरी पर स्कूल की जगह मुफ्त गणवेश, मुफ्त किताब-कापी, रहने की साफ़-सुथरी  दशाओं की जगह दो कमरों का मुफ्त का आवास, काम के अधिकार की जगह मनरेगा, और सबसे बड़ी बात संघर्ष करके हासिल करने की बजाय भिक्षा माँगने की सीख दी जाती है| एक और दो रूपया किलो चावल उसी का उदाहरण है| इसके लिए सामंतवाद के दो प्रमुख गुण धर्म और युद्ध का भरपूर प्रयोग पूंजीवादी लोकतंत्र करता है और कर रहा है| शासक वर्ग के पास इसके लिए तमाम आधुनिक उपकरण, जैसे मीडिया, स्वयं के विज्ञापन, थोथे नारे, आश्वासन, सबसिडी या मुफ्त में देने की योजनाएं आदि उपलब्ध रहते हैं| जिनसे वह अपने फायदे के हिसाब से जनता की सोच को बदलता है और उसे अपने फायदे के हिसाब से ढालता है|
यही कारण है कि जनता को भी समाज को बदलने की बात को सुनने से ज्यादा अच्छा भागवत में दस दिन गुजारना लगता है| शान्ति-भाईचारे और एकजुटता की बातों से साम्प्रदायिक, युद्ध और हिंसा  की बातें ज्यादा अच्छी लगती हैं| वसुधैव कुटुम्बकं से ज्यादा अच्छा छोटा और थोथा राष्ट्रवाद लगता है| औचित्य, तर्क और वैज्ञानिक सोच से अंध-श्रद्धाभक्ति, वरदान( आश्वासन) ज्यादा अच्छे लगते हैं| पूंजीवाद की चरम अवस्था साम्राज्यवाद है और साम्राज्यवाद को अपने अस्तित्व को बनाए रखने और लंबा करने के लिए आज पूरी व्यवस्था को तीन सौ वर्ष के पूर्व के भक्ति और रीति काल में ले जाने की आवश्यकता है| वह इतनी वैज्ञानिक और भौतिक तरक्की हो जाने के बाद, इसे, आवाम के रहन-सहन, खानपान, पहरावे, शौक, आधुनिक रोजगार, उत्पादन के साधनों पर, उपलब्ध वैज्ञानिक और तकनीकि उपकरणों के होते हुए, आवाम के जीवन के स्तर पर नहीं कर सकती है|  यह इसलिए कि इन सभी से पूंजीवाद का आधार स्तंभ मुनाफ़ा ( संपत्ति एकत्रीकरण की प्राणवायु) जुड़ा हुआ है| तब इसे कैसे किया जाए?  
इस यक्ष प्रश्न का जबाब हाल के पिछले तीन दशकों में पूंजीवाद ने खोजा है और अब उस पर विश्व के पैमाने पर अमलीकरण हो रहा है|  वह तरीका है, जीवन आधुनिक जियो, उत्पादन के साधन आधुनिक रखो, पर वितरण पर पकड़ सामंतवादी रखो, आवाम के सोच का स्तर घोर सामंतकाल का रखो,याने, आवाम को सोच के स्तर पर पीछे ले जाने के पूरे प्रयास हो रहे हैं| यह काम भारत में रविशंकर, रामदेव, आशाराम जैसे कथित संत सरकार के सरंक्षण में निजी तौर पर कर रहे हैं तो सरकारें तीर्थ यात्राएं, हज के लिए पैसा देकर कर रही है| अनेक अन्य संतों के कारनामों की तरफ से सरकारें आँखें मूंदी रहती हैं, ताकि आम लोग भ्रमित और अन्धविश्वासी बने रहें| राधे मां, फतवे जारी करने वाले मौलवी, चंगाई देने वाले ईसाई गुरु, फिल्म बनाने वाले और उसमें काम करने वाले पंजाब के संत सब सरकारों के पालित ही हैं|   राजा और नबाब भी ऐसा करते थे , लोकतांत्रिक सरकारें भी ऐसा कर रही हैं| दुनिया के अन्य देशों में भी ऐसा ही हो रहा है| तभी, 19वी शताब्दी के मध्य से जन्मी आधुनिक सोच , जिसने बीसवीं शताब्दी में जाकर अमली जामा पहना , पूरी शताब्दी भी ज़िंदा न रह पाई और उसका कार्यप्रणाली में परिवर्तित रूप (समाजवाद) पूंजीवाद ने अपने पैने जबड़ों से चबा डाला|
इस सबके बीच यदि कोई संतोष का विषय है तो वह यह है कि वह बीज जो निकला पूंजीवाद के गर्भ से ही है, उसमें सामंतवाद का अंशमात्र भी असर नहीं आया है और वह एक आजमाई हुई शासन पद्धति के उदाहरण के रूप में प्रगतिशील, शोषित और मेहनतकश जनता के मष्तिष्क में हमेशा न केवल मौजूद रहेगा बल्कि समाज के अनेक तबके हमेशा उसे पुनर्स्थापित करने के लिए संघर्ष करते ही रहेंगे| अधिकार दे कर सम्मानित जीवन सुलभ करने की नीति, उसी बीज का पौधा है, जिसे संघर्ष रूपी खाद और त्याग रूपी वर्षा की जरुरत है| और, तब तक भारत में मोदी, जयललिता, शिवराज-रमन-वसुंधरा, अमेरिका में ट्रम्प आते रहेंगे,-जाते रहेंगे| सरकारें या तो घोर दक्षिणपंथी रास्ते पर चलेंगी या कांग्रेस के समान उससे समझौता करती रहेंगी| अफसोस, जिन्होंने पूंजीवाद और सामंतवाद के इस गठजोड़ का समूल नाश करने का बीड़ा उठाया था और वे भी जो इसके नाम से रोटी खा रहे हैं, पूंजीवाद के मोह जाल में फंसकर अपने को कमजोर कर चुके हैं| पर, मानव के कल्याण का रास्ता वहीं से निकलेगा और जब तक ऐसा नहीं होता तब तक जयललिता जैसे नेताओं की लोकप्रियता और उनके लिए रोने वालों की संख्या हमेशा हमें चौंकाती रहेगी|
अरुण कान्त शुक्ला
7/12/2016